सिरसा , अगस्त 06 -- हरियाणा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) संतोष बागोतिया ने बुधवार को सिविल अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में भर्ती नशा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने केंद्र में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से उपचार व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को मुफ्त कानूनी सहायता की आवश्यकता हो तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकता है।

संतोष बागोतिया ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिलाओं बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों दिव्यांगजनों मनोरोगियों तथा तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले पात्र व्यक्तियों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने लोगों को हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर मनोवैज्ञानिक डॉ. पंकज शर्मा सहित नशा मुक्ति केंद्र के कर्मी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित