सिरसा , सितंबर 24 -- हरियाणा के सिरसा-ऐलनाबाद स्टेट हाईवे पर गांव मल्लेकां के पास गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 18 मजदूर घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं और एक युवक शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
सदर थाना प्रभारी सीमा सोढ़ी के अनुसार गांव ओटू निवासी करीब 24 महिला और पुरुष मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव माधोसिंघाना में नरमा और कपास की चुगाई के लिए जा रहे थे। मल्लेकां से आगे पहुंचने पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई और कई मजदूर उसके नीचे दब गए। मौके पर दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं ट्रॉली के पीछे मोटरसाइकिल पर चल रहा युवक भी हादसे की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर जाम लग गया। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। डीएसपी राजबीर सिंह और थाना प्रभारी सीमा सोढ़ी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों को सिरसा नागरिक अस्पताल और मल्लेकां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरके दहिया के अनुसार अस्पताल में करीब 24 घायल पहुंचे। मृतकों की पहचान काकी (32) पत्नी बिट्टू सिंह, बलबीरो (47) पत्नी दर्शन सिंह, दोनों निवासी गांव ओटू, तथा लवली (26) पुत्र राज सिंह निवासी मल्लेकां के रूप में हुई है। चार गंभीर घायलों को पीजीआई अग्रोहा रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित