सिरसा , जून 06 -- हरियाणा के सिरसा में साइबर थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक युवती से 98,689 रुपये की ठगी करने के मामले में पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने शनिवार को बताया कि अग्रसेन कॉलोनी निवासी युवती ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार छह मई 2026 को उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का विशेष ऑफर होने की बात कही।
आरोपी ने युवती को विश्वास में लेकर उसके मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक कर आवश्यक जानकारी भरने के लिए कहा। लिंक खोलने पर बैंक की वेबसाइट जैसी दिखने वाली एक फर्जी वेबसाइट खुली। युवती ने उस पर अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज कर दी जिसके तुरंत बाद उसके खाते से 98,689 रुपये निकाल लिए गए।
ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने साइबर थाना सिरसा में शिकायत दी। पुलिस ने एक जून 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित