सिरसा , जून 03 -- हरियाणा के सिरसा में पुलिस ने बुधवार दोपहर नगर के सबसे व्यस्तम बाजार रोड़ी बाजार मे एक महिला से एक लाख रुपए की छीनकर फरार होने वाले युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह बैंक से डेढ़ लाख रुपए निकालकर पीएनबी वाली गली से रोड़ी बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान रानी ब्यूटी पार्लर के पास पीछे से एक स्कूटी सवार युवक आया और उसके हाथ से प्लास्टिक का बैग छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान बैग में रखे 50,000 रुपए और मोबाइल फोन नीचे गिर गए, जबकि शेष एक लाख रुपए लेकर भाग गया। पीडि़ता की शिकायत पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात स्कूटी सवार के खिलाफ छीना-झपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कुछ समय बाद पुलिस ने उस युवक को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय सुखबीर सिंह ने बताया कि पीडि़त महिला केशर देवी, पत्नी धर्मचंद, निवासी बाबा बिहारी की समाधी मोचियावाली गली, ने पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद जांच शुरू की गई इस दौरान पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्षदीप सिंह उर्फ हर्ष पुत्र बलदेव सिंह निवासी सिकंदरपुर को शहर सिरसा में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर उसकी निशानदेही पर छीना-झपटी की पूरी राशि बरामद कर ली। उन्होंने बताया कि आरोपी से छीना-झपटी और अन्य अपराधों का खुलासा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित