सिरसा , अप्रैल 14 -- अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत मंगलवार को सिरसा में सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अंबेडकर जयंती के अवसर पर किया गया। इस मौके पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सैनिटरी पैड वितरित कर स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता पर संवाद किया गया।

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि आज भी कई महिलाएं संसाधनों की कमी के कारण बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, ऐसे में ऐसी योजनाएं सशक्तिकरण की दिशा में अहम भूमिका निभाती हैं।

कुमारी सैलजा ने अपने संबोधन में किसानों की समस्याओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि मंडियों में फसल बेचने में दिक्कतें आ रही हैं और पोर्टल सिस्टम सही से काम नहीं कर रहा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अंबेडकर भवन के पुस्तकालय के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। अन्य नेताओं ने भी आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं और बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। प्रियदर्शिनी उड़ान योजना का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित