सिरसा , मई 03 -- हरियाणा के सिरसा जिले में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी)-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

परीक्षा के लिए जिले के छह केंद्र निर्धारित किए गए थे, जहां कुल 2451 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 2390 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 61 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई थीं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, फ्रिस्किंग प्वाइंट, बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा प्रबंधों की गहन जांच की। उन्होंने बताया कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। प्रत्येक केंद्र पर पर्यवेक्षकों और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार की बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने का भरोसा जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित