सिरसा , मार्च 01 -- हरियाणा के सिरसा जिला के कालांवाली थाना क्षेत्र के गांव खोखर में रविवार को दो कनाल जमीन को लेकर चल रहा विवाद अचानक खूनी सघर्ष में बदल गया। इस हमले में गांव के पूर्व सरपंच प्रतिनिधी झरमल सिंह पुत्र मिठू सिंह सरपंच और दलजीत सिंह पुत्र जसवीर सिह की मौके पर ही मौत हो गई। रिश्ते में दोनों चेचरे भाई हैं।

जिस जमीन के मसले पर पंचायत में बातचीत चल रही थी, वही विवाद दो परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति का सबब बन गया। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

नींव पूजन के कार्यक्रम में जा रहे थे दोनों प्रत्यक्षदर्शी निक्का सिंह के अनुसार, झरमल सिंह और दलजीत सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर नोरंग गांव की ओर अपने परिवार में बनने वाली नई कोठी की नींव रखने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। परिवार में खुशी का माहौल था और दोनों कार्यक्रम में शरीक होने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि जैसे ही वे गांव से बाहर निकले, रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद कहासुनी हुई और देखते ही देखते हमला शुरू हो गया।

आरोप है कि विकर सिंह पुत्र धर्म सिंह, धर्म सिंह, मोती सिंह पुत्र धर्म सिंह, जसवंत सिंह पुत्र विकर सिंह और उनके परिजनों ने मिलकर झरमल सिंह और दलजीत सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में बरछा और कृपाणनुमा हथियारों का इस्तेमाल किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों ने चार-पांच गहरे वार किए। वार इतने घातक थे कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुटने लगे और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

गांव के सरपंच प्रतिनिधि गुरप्रीत सिंह ने बताया कि विवाद दो कनाल जमीन को लेकर था। यह मामला पहले पंचायत में आया था और आपसी समझौते की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि विवाद गंभीर जरूर था, लेकिन इतना बड़ा नहीं था कि हत्या तक बात पहुंच जाए। गुरप्रीत सिंह के अनुसार, पंचायत स्तर पर दोनों पक्षों को बैठाकर समझाने का प्रयास किया गया था। जमीन का सीमांकन और आपसी सहमति के रास्ते तलाशे जा रहे थे। किसी को उम्मीद नहीं थी कि बात इतनी आगे बढ़ जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों में पिछले कुछ समय से तनाव बना हुआ था। दो कनाल जमीन को लेकर बयाना दिया हुआ उसको लेकर विवाद था। हालांकि पंचायत में समझौते की प्रक्रिया जारी थी, लेकिन आपसी अविश्वास और मनमुटाव खत्म नहीं हुआ था। कुछ ग्रामीणों का मानना है कि रविवार को कार्यक्रम में जाने की सूचना शायद दूसरे पक्ष को पहले से थी, और इसी वजह से रास्ते में रोककर हमला किया गया। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

आरोपी पक्ष के तीन लोग भी घायल घटना के दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई और झड़प भी हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी पक्ष के भी तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को कालांवाली के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उनसे पूछताछ की जाएगी ताकि घटनाक्रम की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही डबवाली सीआईए प्रभारी राजपाल सिंह भी अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। खून से सनी जमीन, मोटरसाइकिल और आसपास के हालात का बारीकी से निरीक्षण किया गया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित