चंडीगढ़ , सितंबर 15 -- हरियाणा के सिरसा के कालांवाली थाना क्षेत्र के गांव खोखर में मंगलवार तड़के करीब चार बजे घर में सो रहे 32 वर्षीय जसवंत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके पिता जलविंदर सिंह पर लगा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी जश्नप्रीत कौर की शिकायत पर पिता जलविंदर सिंह, मां बिंद्र कौर, बहन गुरजिंद्र कौर, जीजा गुरजंट सिंह निवासी कमालू, मुक्तसर (पंजाब) समेत तीन-चार अन्य के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

कालांवाली थाना प्रभारी चंदन के अनुसार पिता-पुत्र के बीच पिछले कुछ समय से जमीन बेचने को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि जलविंदर सिंह अपने दामाद और अन्य लोगों के साथ मंगलवार तड़के घर पहुंचा और जसवंत को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिरसा नागरिक अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है।

मृतक की पत्नी जश्नप्रीत कौर ने बताया कि उसकी छह साल पहले जसवंत से शादी हुई थी। उनका पांच साल का बेटा है और वह खुद आठ महीने की गर्भवती है। उसके मुताबिक, जसवंत के पिता के पास करीब 10 एकड़ जमीन है और वह तीन एकड़ जमीन बेचना चाहते थे। जसवंत इसका विरोध करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित