सिरसा , जून 21 -- हरियाणा के सिरसा जिले में रविवार को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
छह परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 2526 अभ्यर्थियों में से 2258 ने परीक्षा दी, जबकि 268 अनुपस्थित रहे। परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे।
परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों के बाहर भावुक दृश्य देखने को मिले। अभिभावकों ने अपने बच्चों को तिलक लगाकर और शुभकामनाएं देकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया। कई माताएं बच्चों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की सलाह देती नजर आईं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू की गई थी। पुलिस बल के साथ बीएसएफ जवानों की भी तैनाती की गई। अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और उन्हें मेटल डिटेक्टर से गुजरने के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा नियमों के अनुसार धातुयुक्त वस्तुओं, आभूषणों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।
प्रशासन ने परीक्षा की निगरानी के लिए लघु सचिवालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया। अधिकारियों के अनुसार प्रश्नपत्रों को पूरी सुरक्षा और गोपनीयता के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा रोडवेज ने विशेष व्यवस्था की। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए चार बसें रिजर्व रखी गईं। परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड दिखाने पर बस स्टैंड से परीक्षा केंद्र तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी गई, जिसका कई अभ्यर्थियों ने लाभ उठाया। प्रशासन ने परीक्षा के सफल और व्यवस्थित संचालन पर संतोष व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित