चंडीगढ़ , जनवरी 15 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने गुरुवार को कहा कि राज्य में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सिरसा जिले में एक आधुनिक किन्नू जूस प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जाएगा। यह संयंत्र मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुरूप हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन और हरियाणा डेयरी डेवलपमेंट कोऑपरेटिव फेडरेशन (वीटा) द्वारा संयुक्त रूप से स्थापित किया जाएगा।

कृषि मंत्री ने बताया कि यह संयंत्र सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर आधारित होगा, जिसकी वार्षिक प्रसंस्करण क्षमता लगभग 22,000 टन होगी। किन्नू के साथ-साथ इसमें अमरूद, अनार और अन्य फलों का भी प्रसंस्करण किया जाएगा। तैयार उत्पादों को वीटा ब्रांड के तहत पैक कर बाजार में उतारा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की बिक्री हरहित और वीटा स्टोर्स के माध्यम से की जाएगी, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। यह परियोजना विशेष रूप से किन्नू उत्पादकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी और कटाई के बाद फलों की बर्बादी को कम करने में भी मदद करेगी। इससे बागवानी क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

श्री राणा ने बताया कि वर्तमान में "हर-हित" योजना के अंतर्गत हर वर्ष 200 से 250 नई दुकानें स्थापित की जा रही हैं। भविष्य में सरकार का लक्ष्य इस नेटवर्क का विस्तार कर प्रतिवर्ष 500 से 600 दुकानें खोलने का है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार आधुनिक कृषि अवसंरचना, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और सशक्त विपणन व्यवस्था के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित