चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा के किन्नू को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग मिलने पर किसानों को बधाई देते हुए कहा कि यह हरियाणा का पहला फल है जिसे जीआई टैग प्राप्त हुआ है। इससे सिरसा के किन्नू को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने किसानों से किन्नू के उत्पादन और गुणवत्ता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीआई टैग मिलने से सिरसा के किन्नू की ब्रांड वैल्यू मजबूत होगी और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने जीआई टैग दिलाने में योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों और अधिकारियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में बड़ागुढ़ा के निखिल मेहता, ऐलनाबाद के मनोज कुमार, डबवाली के कृष्ण कुमार तथा एचडीओ सीमा कंबोज शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित