चंडीगढ़ , मई 17 -- हरियाणा के सहकारिता मंत्री अरविन्द शर्मा ने रविवार को कहा कि सिरसा स्थित विटामिन डेरी परिसर में अत्याधुनिक किन्नू जूस प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जाएगा।

यह परियोजना हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री और डेयरी फेडरेशन द्वारा पीपीपी मोड पर विकसित की जाएगी। इसके लिए निजी निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गये हैं। वीटा प्लांट के औचक निरीक्षण के दौरान डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को किसानों और दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के अनुरूप बनने वाला यह प्लांट सिरसा और आसपास के किन्नू उत्पादक किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य दिलाने में मदद करेगा। साथ ही उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त जूस उपलब्ध होगा।

उन्होंने बताया कि वीटा प्लांट परिसर में लगभग तीन एकड़ भूमि चिन्हित की जा चुकी है। इस परियोजना पर सचिवों की मंत्रिमंडलीय समिति में भी चर्चा हो चुकी है। संयंत्र में किन्नू के अलावा अन्य फलों का भी प्रसंस्करण किया जाएगा, जिससे फूड प्रोसेसिंग उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

बाद में बेगू रोड स्थित भगवान परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित राष्ट्रीय ब्राह्मण सम्मान समारोह में डॉ. शर्मा ने युवाओं से भगवान परशुराम के आदर्श अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित