बिलासपुर, अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ के बिलासपुर स्थित संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स में शनिवार को संभावित अग्नि दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।
गर्मी के मौसम में बढ़ते विद्युत लोड और आगजनी की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस अभ्यास के तहत अस्पताल की दूसरी मंजिल पर आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इसके बाद मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, आग पर नियंत्रण पाने और राहत-बचाव कार्यों का क्रमबद्ध अभ्यास किया गया।
मॉकड्रिल में सिम्स प्रबंधन, नगर निगम तथा फायर ब्रिगेड की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए पानी की बौछार, हाइड्रेंट सिस्टम और अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का लाइव डेमो दिया।
इस दौरान यह भी आंका गया कि सूचना मिलने के बाद राहत दल कितनी शीघ्रता से घटनास्थल पर पहुंचता है और बचाव कार्य प्रारंभ करता है। अभ्यास के माध्यम से आपात स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की भी समीक्षा की गई। साथ ही अस्पताल में स्थापित फायर सेफ्टी सिस्टम, अलार्म, हाइड्रेंट और अन्य उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास से आपदा की स्थिति में घबराहट कम होती है और टीम बेहतर समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई कर पाती है, जिससे जान-माल के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित