जमुई , सितंबर 11 -- िहार के जमुई जिले के सिमुलतल्ला थाना क्षेत्र के हल्दिया झरना के जंगल में 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाकर तीन अवैध हथियार बरामद किए हैं। बथनावरण, कासासकरी घोटारी और नूनतारा के पास हल्दिया झरना क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान बड़े पत्थरों के बीच सुरंगनुमा जगह से तीन अवैध हथियार बरामद किए गए।
एसएसबी के अनुसार, 10 सितंबर को आसूचना शाखा को सूचना मिली थी कि हल्दिया झरना के आसपास के जंगल में पूर्व में नक्सलियों द्वारा हथियार, गोला-बारूद या अन्य आपत्तिजनक सामग्री छिपाकर रखी गई हो सकती है। सूचना कार्यवाहक कमांडेंट सह द्वितीय कमान अधिकारी बांके बिहारी को दी गई। इसके बाद उनके निर्देश पर मध्य रात्रि के बाद क्षेत्र प्रभुत्व और डी-माइनिंग अभियान शुरू किया गया।
अभियान में सिमुलतल्ला की 'बी' समवाय के 34 जवान, स्थानीय पुलिस के जवान, दो प्रशिक्षित खोजी श्वान जूली और फेंटा तथा डीएसएमडी टीम शामिल रही। संयुक्त दल ने सुबह तक जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी जारी रखी। करीब 6-7 घंटे तक चले अभियान में खोजी श्वानों और तकनीकी उपकरणों की मदद से संदिग्ध स्थानों को खंगाला गया।
तलाशी के दौरान करीब 11 बजे हल्दिया झरना से लगभग 200 मीटर पश्चिम बड़े पत्थरों के बीच बने सुरंगनुमा स्थान में संदिग्ध सामग्री मिली। जांच करने पर वहां से एक देसी राइफल और दो देसी कट्टे बरामद हुए।एसएसबी ने हथियारों को जब्त कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इन्हें सिमुलतल्ला थाना पुलिस को सौंपा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित