आइची-नागोया , अक्टूबर 21 -- आइची-नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 के तीसरे दिन, एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत के पदकों की संख्या 60 के पार पहुँच गई। पहले तीन दिनों के बाद, भारत के पास कुल 62 पदक हो गए हैं, जिनमें 14 स्वर्ण, 22 रजत और 26 कांस्य पदक शामिल हैं। तीसरे दिन के अंत तक भारत के खाते में 5 स्वर्ण, 11 रजत और 11 कांस्य पदक आ चुके थे।
सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 100 मीटर टी12 स्पर्धा में गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए अपना दूसरा पदक जीता। सिमरन पैरा एशियाई खेलों के एक ही संस्करण में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली चौथी भारतीय बन गईं। मंगलवार को उन्होंने महिलाओं की 100 मीटर टी12 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, इससे पहले उन्होंने 200 मीटर स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।
इससे पहले चीन के हांगझोऊ में हुए खेलों के पिछले संस्करण में अंकुर धामा (पुरुषों की 5000 मीटर टी11 और 1500 मीटर टी 11) और शीतल देवी (महिलाओं की व्यक्तिगत कंपाउंड ओपन और मिक्स्ड टीम कंपाउंड ओपन) ने दो-दो स्वर्ण पदक जीते थे।
मौजूदा संस्करण में निषाद कुमार ने भी यह उपलब्धि हासिल की। सोमवार को लंबी कूद (लॉन्ग जंप) टी 47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद, मंगलवार को उन्होंने पुरुषों की ऊंची कूद (हाई जंप) टी47 स्पर्धा में भी पहला स्थान हासिल किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित