अमृतसर , जून 06 -- शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान ने शनिवार को दमदमी टकसाल के प्रमुख हरनाम सिंह खालसा (बाबा धुम्मा) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह उनकी हत्या करवाना चाहते हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान मान ने दावा किया कि बाबा हरनाम सिंह खालसा ने उनके संबंध में ऐसी टिप्पणियां की हैं, जिन्हें वह अनुचित मानते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी आयु 91 वर्ष है और उन्हें व्यक्तिगत रूप से किसी प्रकार का भय नहीं है, लेकिन वे दमदमी टकसाल की विचारधारा और दिशा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
श्री मान ने आरोप लगाया कि बाबा हरनाम सिंह खालसा जरनैल सिंह खालसा भिंडरांवाले की विचारधारा से दूर हो गये हैं। उन्होंने दमदमी टकसाल के कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने नेतृत्व से विभिन्न वैचारिक मुद्दों पर स्पष्ट रुख मांगें।अपने बयान में श्री मान ने यह भी आरोप लगाया कि दमदमी टकसाल के वर्तमान नेतृत्व को कुछ राजनीतिक शक्तियों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि टकसाल के अनुयायियों को यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि संगठन विभिन्न राजनीतिक और वैचारिक मुद्दों पर क्या रुख रखता है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई भी धार्मिक संस्था अपने मूल सिद्धांतों और ऐतिहासिक विचारधारा से विचलित होती है तो उसके अनुयायियों को इस पर विचार करना चाहिए। उन्होंने दमदमी टकसाल के सदस्यों से संगठन की दिशा और नेतृत्व को लेकर चर्चा करने की अपील की।
समाचार लिखे जाने तक हालांकि बाबा हरनाम सिंह खालसा या दमदमी टकसाल की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित