पटना , जून 11 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा और प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अरवल और मुंगेर जिले से 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।इस संबंध में सचिवालय अनुमंडल की पुलिस पदाधिकारी-01 डॉ. अनु कुमारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत आयोजित लिखित एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने सुनियोजित आपराधिक षड़यंत्र के तहत अनियमितता कर परीक्षा में सफलता प्राप्त करने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन में फिंगरप्रिंट संबंधी विसंगतियां सामने आने के बाद मामले की गहन जांच शुरू की गई। जांच में प्रतिरूपण और अन्य अनियमितताओं के प्रमाण मिलने पर सचिवालय थाना में 563 अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले में अब तक कुल 88 अभियुक्तों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा चुकी है।
डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि मामले में अभियुक्तों के विभिन्न जिलों से जुड़े होने के कारण विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया है, जो लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने अरवल और मुंगेर से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की जांच और गिरफ्तारी अभियान अभी भी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित