पटना , मई 20 -- ेंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने बुधवार को बिहार सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग), बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) और मद्य निषेध सिपाही, गृह विभाग (कारा) में कक्षपाल एवं परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही पद पर होने वाली भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा जारी आदेश के अनुसार विशेष शाखा बिहार में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) में सिपाही के 83 पदों पर चयन के लिए 24 जून 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पेपर की परीक्षा सुबह 10 बजे और द्वितीय पेपर की परीक्षा दोपहर 3.30 बजे से आयोजित की जाएगी।

इसी प्रकार बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के 993 पदों पर चयन के लिए 21 जून 2026 को लिखित परीक्षा दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएगी। वहीं मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय, गृह विभाग (कारा) में कक्षपाल और परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4236 पदों पर चयन के लिए 14 एवं 17 जून 2026 को लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से आयोजित की जाएगी।

पर्षद ने प्रथम पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8 बजे से 9 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा के लिए दोपहर एक बजे से दो बजे तक निर्धारित किया है। परीक्षा में अभ्यर्थियों को पर्षद द्वारा जारी किये गए ई- प्रवेश पत्र के आधार पर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित