श्रीनगर , जून 22 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर की यहां जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात के बाद राज्य की स्थिति को बेहतर बताये जाने के उनके बयान के कारण उनकी आलोचना हो रही है।

श्री थरूर ने रविवार को लोक भवन में श्री सिन्हा से मुलाकात के बाद 'एक्स' पर लिखा, "हमने प्रदेश के हालात और सामान्य स्थिति की ओर उत्साहजनक प्रगति पर चर्चा की। जब मैं वहां पहुंचा, तो वह (श्री सिन्हा) कश्मीरी लेखक संघ एवं महिला संगठन के अध्यक्ष से बातचीत कर रहे थे। यह एक सकारात्मक पहल थी जिसका मैंने स्वागत किया। अभी भी कई चुनौतियां हैं और बहुत कुछ किया जाना बाकी है, लेकिन बैठक के बाद मैं पहले की तुलना में अधिक सकारात्मक महसूस कर रहा था।"श्री थरूर की इन बातों को लेकर कई राजनीतिक हस्तियों ने कड़ी आलोचना की, जिनमें उनकी अपनी पार्टी के लोग भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री थरूर ने समाज के विभिन्न वर्गों से बातचीत करने के बजाय केवल सरकारी की ओर से दी गयी जानकारी पर भरोसा किया। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने कहा कि कश्मीर के लोगों को उम्मीद थी कि श्री थरूर आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे ताकि ज़मीनी हालात को बेहतर ढंग से समझ सकें।

उन्होंने कहा, "कश्मीर के लोगों को भी उम्मीद थी कि आप उनसे मिलेंगे ताकि ज़मीनी हकीकत को बेहतर ढंग से समझ सकें। कम से कम आप अपनी पार्टी के उन लोगों से मिलने के लिए थोड़ा समय तो निकाल सकते थे जो सात साल पहले छीने गए राज्य का दर्जा वापस पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।" गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस 2019 में राज्य का दर्जा खत्म किए जाने के बाद से ही इसे बहाल करने के लिए अभियान चला रही है।

जम्मू-कश्मीर विद्यार्थी संघ के राष्ट्रीय संयोजक एवं विद्यार्थी नेता नासिर खुएहामी ने श्री थरूर के दौरे के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कश्मीर को सिर्फ दिखावे के दौरों और सोच-समझकर की गयी बातचीत के बजाय सार्थक बातचीत की ज़रूरत है। उन्होंने एक्स पर कहा, "बहुत से कश्मीरियों को सच में उम्मीद थी कि आपके दौरे से इन चिंताओं को सीधे तौर पर सुनने का मौका मिलेगा। हमें उम्मीद थी कि आप छात्रों, बेरोज़गार युवाओं, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों, विपक्षी नेताओं और उन दूसरे लोगों से मिलेंगे जो ज़मीनी हकीकत से जूझ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित