मुंबई , सितंबर 11 -- अभिनेत्री वामिका गब्बी, अभिनेता जॉन अब्राहम, रवीना टंडन, अनंत अंबानी, रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख समेत कई हस्तियों को सिने काइंड अवॉर्ड्स 2026 में सम्मानित किया जाएगा।फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) और पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए) के सहयोग से आयोजित सिने काइंड अवॉर्ड्स नाइट 2026 में काइंडनेस, सहानुभूति और पशु कल्याण के क्षेत्र में योगदान देने वाली हस्तियों और संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष सम्मानित होने वाले प्रमुख नामों में अनंत अंबानी, जॉन अब्राहम, रवीना टंडन, वामिका गब्बी, कल्याण वर्मा, अमित राय और राजन शाही शामिल हैं। इनके अलावा पशु कल्याण और सामाजिक बदलाव के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे संगठनों और व्यक्तियों को भी सम्मान दिया जाएगा।
सिने काइंड पहल का उद्देश्य सिनेमा, संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच करुणा के संबंध को मजबूत करना है। पीएफए पशु बचाव, पुनर्वास, जागरूकता और पशु कल्याण से जुड़े मुद्दों पर काम करता है।
आयोजकों के अनुसार, सिने काइंड अवॉर्ड्स का उद्देश्य सिनेमा जगत से जुड़े लोगों और सामाजिक बदलाव के लिए काम कर रहे व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना है। पहल का मानना है कि सिनेमा मनोरंजन के साथ समाज में सकारात्मक और सार्थक बदलाव लाने का माध्यम भी बन सकता है।
सिने काइंड की ज्यूरी में सोनू सूद, हेमा मालिनी, जीनत अमान, सोनाक्षी सिन्हा और श्रिया सरन समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित