प्रयागराज , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कसारी-मसारी का नाम श्रीकृष्ण पुरी किए जाने के बाद शहर पश्चिमी की राजनीति गरमा गई है। विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह के मुस्लिम प्रत्याशी को लेकर अखिलेश यादव से सवाल पूछने पर अब सपा छात्र सभा ने पलटवार किया है।समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजय यादव सम्राट ने कहा कि विधायक को मुस्लिम प्रत्याशी से ज्यादा अपनी सीट की चिंता करनी चाहिए। उन्हें पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि इस बार उन्हें टिकट मिलेगा भी या नहीं।
श्री यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी तय करना सपा के शीर्ष नेतृत्व का काम है। उन्होंने भाजपा सरकार पर युवाओं, छात्रों और किसानों को निराश करने का आरोप लगाया। अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर भी उन्होंने सफाई दी।
श्री यादव ने कहा कि सिद्धार्थ नाथ सिंह शहर पश्चिमी से मुस्लिम प्रत्याशी उतारे जाने को लेकर सवाल कर रहे हैं, जबकि उन्हें पहले अपनी सीट की चिंता करनी चाहिए। इस बार उन्हें टिकट मिलेगा या नहीं, यह पहले स्पष्ट कर लें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि चुनाव कौन लड़ेगा।अजय यादव सम्राट ने कहा कि समाजवादी छात्र सभा छात्रों के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन करती रही है। लोक सेवा आयोग, आरओ-एआरओ, पीसीएस-जे और लोअर पीसीएस परीक्षाओं की खामियों को लेकर छात्र सभा ने आवाज उठाई है। उनका दावा है कि भाजपा सरकार की कमियों को उजागर करने में भी संगठन की अहम भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज में होने वाले छात्र आंदोलनों में समाजवादी छात्र सभा की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उनके मुताबिक, सरकार की नीतियों से छात्र, युवा, किसान और आम लोग निराश हैं। श्री यादव ने कहा कि देशभर में युवाओं का प्रदर्शन भाजपा के प्रति उनकी नाराजगी दिखाता है।
उन्होंने दावा किया कि पहले भाजपा के साथ रहे कई युवा अब उससे दूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एक बार छात्रसंघ चुनाव कराकर देख ले, इससे पता चल जाएगा कि युवा किसके साथ हैं।अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों पर अजय यादव सम्राट ने कहा कि वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मेधावी छात्र रहे हैं। छात्रों के मुद्दों पर लगातार विरोध और आंदोलन करने के कारण उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अपराधी के रूप में पेश किया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र, गरीब, मजलूम, शोषित या वंचित की आवाज दबाई गई तो वह चुप नहीं बैठेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित