सिद्धार्थनगर , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश व अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आज सुबह करीब 10 बजे मोहाना पुल से अभिलाष उपाध्याय (24) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी ग्राम गुजरौलिया टोला बेलौहा का निवासी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मोहाना थाने में आबकारी अधिनियम के तहत भी एक मामला दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि 28 अक्टूबर को मोहाना थाना क्षेत्र के गुजरौलिया टोला बेलौहा गांव में एक युवक के सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई थी। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मोहाना थाने में मुकदमा संख्या 154/2026 धारा 103(1), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित