सिद्धार्थनगर , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में इटवा थाना पुलिस ने स्कूल से लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को बुधवार को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के बढ़नी कस्बे से सकुशल बरामद कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तलाश के दौरान तीनों बच्चियों को थाना ढेबरुआ क्षेत्र के बढ़नी कस्बे में भारत-नेपाल सीमा के पास से बरामद किया।

उन्होंने बताया कि इटवा थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी सफीउल्लाह ने एक सितंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी भतीजी मेहसा और उसकी सहेलियां मंतसा तथा असदा, निवासी भगौसा, खैरुन्निशा मदरसा पिपरा से बिना बताए कहीं चली गई हैं। सूचना मिलते ही इटवा थाना पुलिस ने बच्चियों की तलाश के लिए टीम गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। बुधवार को तीनों को सकुशल बरामद कर लिया गया और सकुशल उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित