सिद्धार्थनगर , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी शुक्रवार को श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और शाम होते-होते वातावरण 'राधे-राधे' तथा 'जय श्रीकृष्ण' के जयकारों से गूंज उठा।

जन्माष्टमी के अवसर पर जिले के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। महिलाएं और बच्चे विशेष उत्साह के साथ जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर रहे हैं और मध्यरात्रि में बाल गोपाल के जन्म के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। रात करीब आने के साथ ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिरों में शंखनाद और घंटियों की गूंज के बीच श्रद्धालु जयकारे लगाएंगे तथा बाल गोपाल के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित