सिद्धार्थनगर , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सोमवार को मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में बूढ़ी राप्ती नदी में कूदी एक महिला को पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सकुशल बाहर निकालकर परिजनों को सौंप दिया। क्षेत्राधिकारी प्रवीण प्रकाश ने बताया कि मिश्रौलिया के थानाध्यक्ष रामदेव को सूचना मिली थी कि ग्राम गौरडीह के उत्तर-पूर्व स्थित बूढ़ी राप्ती नदी में एक महिला कूद गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में तलाश एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया।
अथक प्रयास के बाद पुलिस और गोताखोरों ने महिला को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। उसकी पहचान सोना (65) पत्नी उमर मोहम्मद, निवासी मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसकी स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित