सिद्धार्थनगर , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर जिले में उसरा बाजार थाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने शुक्रवार को ग्राम भीटिया और रेलवे परिसर में चौपाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें अपराधों के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया।

उन्होंने बताया कि इस दौरान महिलाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस, 101 अग्निशमन, 14567 एल्डर हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी तरह की परेशानी या अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने तथा साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित