सिद्धार्थनगर , अक्टूबर 13 -- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में मंगलवार को महिला थाना पुलिस ने वांछित अभियुक्त के गांव में मुनादी कराकर उसके घर न्यायालयीय आदेश की प्रति को दरवाजे पर चस्पा किया। पुलिस के अनुसार, महिला थाना में वांछित अभियुक्त निजाम अहमद अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 352, दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 तथा मुस्लिम महिला अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। जिसपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/एफटीसी प्रथम के न्यायालय से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 184 के अंतर्गत अभियुक्त को फरार घोषित किया गया है।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे प्रभारी निरीक्षक महिला थाना भाग्यवती पाण्डेय पुलिस टीम के साथ अभियुक्त के गांव स्थित आवास पर पहुंचीं। हालांकि, अभियुक्त घर पर मौजूद नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव के संभ्रांत व्यक्तियों की मौजूदगी में न्यायालय के आदेश की प्रति अभियुक्त के घर के दरवाजे पर चस्पा की तथा गांव में मुनादी कराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित