सिद्धार्थनगर , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। अधिकृत सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने राहत एवं बचाव टीम को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने नाव, चिकित्सा सुविधा समेत अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 अथवा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित