पौड़ी , जुलाई 26 -- उत्तराखंड के पौड़ी में सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए आने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने वाली दो शातिर महिला टप्पेबाजों को रविवार पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की एक सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को मेरठ निवासी संगम प्रजापति ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि सिद्धबली मंदिर में दर्शन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने उनके गले से मंगलसूत्र और लॉकेट चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर अपर पुलिस क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि वारदात के बाद दोनों महिलाएं बिजनौर की ओर चली गई थीं।
लगातार निगरानी के दौरान सूचना मिली कि दोनों महिलाएं फिर किसी वारदात की नीयत से सिद्धबली मंदिर क्षेत्र की ओर आ रही हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुलर पुल के समीप सनेह रोड से दोनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की सोने की चेन और लॉकेट बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपित महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे मेले, धार्मिक आयोजनों और भीड़-भाड़ वाले मंदिरों में महिलाओं को निशाना बनाती थीं। कीमती आभूषण पहनने वाली महिलाओं का पीछा कर भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर उनके गले से चेन, मंगलसूत्र व अन्य आभूषण चोरी कर मौके से फरार हो जाती थीं।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पुष्पा रानी निवासी धनौरा, जिला अमरोहा तथा सरोज निवासी मोहम्मदपुर बछरायूं, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास और अन्य जिलों में हुई इसी प्रकार की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित