नयी दिल्ली , मई 29 -- कर्नाटक के निर्वतमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की।
समझा जाता है कि श्री सिद्दारमैया की दोनों नेताओं के साथ अलग-अलग हुई मुलाकात में कर्नाटक में नयी सरकार के गठन तथा राज्यसभा और विधान परिषद की सीटों के लिए होने वाले चुनावों पर विचार विमर्श किया गया।
श्री सिद्दारमैया ने पहले श्री गांधी से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मौजूद थे। बाद में वह कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से मिले। मुलाकात के बाद श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर श्री सिद्दारमैया की सराहना करते हुए लिखा कि उनका सार्वजनिक जीवन हमेशा गरिमा, करुणा और सामाजिक न्याय के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर दो बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने तक श्री सिद्दारमैया ने समानता, सौहार्द और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक और कांग्रेस पार्टी सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान के लिए सदैव आभारी रहेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री सिद्दारमैया के अच्छे स्वास्थ्य और जनता की सेवा में उनके निरंतर योगदान के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित