मैसूरु , मई 06 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने राज्य में सत्ता-साझाकरण को लेकर बढ़ती अटकलों के बीच बुधवार को दृढ़ता से कहा कि उनके कार्यकाल पर निर्णय केवल कांग्रेस आलाकमान ही लेगी और उम्मीद जतायी कि उनकी सरकार अपना पूरा पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा करेगी।
श्री सिद्दारमैया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि अगर पार्टी नेतृत्व निर्देश देता है तो वह पूरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बने रहने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, "अगर आलाकमान मुझे पद पर बने रहने के लिए कहता है तो मैं पांच साल तक मुख्यमंत्री बना रहूंगा। मैं आलाकमान के फैसले का पालन करूंगा। चाहे दूसरे कुछ भी कहें अंतिम निर्णय आलाकमान का ही होगा।"उनके इस बयान को व्यापक रूप से उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से जुड़े रोटेशनल मुख्यमंत्री पद के फार्मूले को लेकर बार-बार हो रही राजनीतिक चर्चाओं के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री की ये टिप्पणियां कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व-साझाकरण को लेकर नए सिरे से चल रही राजनीतिक चर्चाओं एवं नयी दिल्ली में पार्टी नेतृत्व के साथ संभावित परामर्शों को लेकर अटकलों के बीच महत्वपूर्ण हैं।
इस तरह की अटकलों को विराम देने की कोशिश करते हुए, श्री सिद्दारमैया ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने न तो उन्हें दिल्ली बुलाया है और न ही उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व से मिलने का समय मांगा है। उन्होंने कहा, " न तो मैंने राहुल गांधी से मिलने का समय नहीं मांगा है और न ही उन्होंने मुझे फोन किया है। अगर कोई बैठक तय ही नहीं हुई है तो कोई एजेंडा कैसे हो सकता है?" उन्होंने यह भी दोहराया कि दिल्ली जाने की तत्काल उनकी कोई योजना नहीं है और इस बात पर बल दिया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार स्थिर है।
श्रृंगेरी उपचुनाव विवाद पर ध्यान केंद्रित करते हुए श्री सिद्दारमैया ने पिछली भाजपा सरकार पर डाक मतपत्रों में कथित छेड़छाड़ में शामिल होने का आरोप लगाया।
मतगणना प्रक्रिया के दौरान अनियमितताएं सामने आने का दावा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन भाजपा सरकार के निर्देशों पर और भाजपा नेता डी.एन. जीवराज के साथ मिलीभगत करके चुनाव अधिकारियों ने डाक मतपत्रों में हेरफेर किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतपत्रों पर पहले जो निशान नहीं थे वे मतगणना के दिन दिखाई दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर अदालत जाने का फैसला किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित