बेंगलुरु , जुलाई 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सीटी रवि ने कर्नाटक में जारी वाकयुद्ध को हवा देते हुए सोमवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया का चुनावी राजनीति से दूर जाने का फैसला इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस पहले ही हार मान चुकी है।

श्री रवि ने संवाददाताओं से कहा, "श्री सिद्दारमैया को एहसास हुआ है कि कांग्रेस 2028 का विधानसभा चुनाव हार रही है। यही वजह है कि उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। वह अपने राजनीतिक करियर का अंत हार के साथ नहीं करना चाहते।"श्री रवि ने कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार, खराब शासन और अधूरे वादों के कारण जनसमर्थन खो चुकी है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा का लौटना तय है। उन्होंने दावा किया कि श्री सिद्दारमैया का 2028 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति से हटने का फैसला सत्तारूढ़ कांग्रेस में आत्मविश्वास की कमी दिखाता है।

उल्लेखनीय है कि श्री सिद्दारमैया ने रविवार को कहा था कि वह अपनी बढ़ती उम्र, स्वास्थ्य, और राजनीति में 'पैसे के बढ़ते प्रभाव' के कारण कर्नाटक का 2028 विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित