रुद्रपुर , मार्च 12 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज में कथित लूट और फायरिंग के आरोपी तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार को दो बदमाशों ने औदली क्षेत्र में लामाखेड़ा निवासी अरुण सिंह से हथियारों के बल पर उसकी मोटर साइकिल लूट ली थी।

सूचना पर उपनिरीक्षक ललित चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही पीड़ित की तहरीर पर ग्राम भरौनी निवासी गुरमीत सिंह और उसके साथी के खिलाफ लूट के संबंध मामला दर्ज किया।

श्री गणपति के अनुसार पुलिस टीम बदमाशों की तलाश करते हुए जब उप निरीक्षक ललित चौधरी के नेतृत्व में गुरमीत सिंह के घर भरौनी पहुंची तो वहां मौजूद मोहन सिंह (68), इंद्रजीत सिंह उर्फ दिलबाग सिंह उर्फ बग्गू, गुरमीत सिंह और मक्खन सिंह निवासीगण भरौनी, सितारगंज, ऊधमसिंह नगर ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज के साथ ही हमला कर दिया।

यही नहीं गुरमीत सिंह ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। उन्होंने कहा कि जब पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किया तो आरोपी खेतों की ओर भाग गए। मोहन सिंह को पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ तत्काल घर से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी मोहन सिंह, गुरमीत सिंह और मक्खन सिंह एक ही परिवार के हैं और दोनों मोहन सिंह के पुत्र हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देती रही। आखिरकार आरोपियों इंद्रजीत सिंह, गुरमीत सिंह और मक्खन सिंह को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के बदमाश हैं और उन पर मारपीट, लूट, अवैध हथियार और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। गुरमीत सिंह फिलहाल उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय सितारगंज में भर्ती है जबकि अन्य आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 351(3) व 352 के अलावा भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 132, 351(3) 352 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित