रुद्रपुर/सितारगंज , जुलाई 15 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले के सितारगंज में बेगुल नदी पर जल्द ही नया पुल बनाया जाएगा।

नैनीताल-ऊधमसिंहनगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बुधवार को काशीपुर-सितारगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरी के पास प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण का शुभारंभ किया।

लगभग 10.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 81 मीटर लंबा पुल क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम की समस्या को कम करने के साथ-साथ आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाएगा।

भूमिपूजन के अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतार रही है और जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाता है, उनका समय पर लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने पुल निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी व्यक्त किया। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अचल जिंदल ने बताया कि पुल का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री खतीब अहमद, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, जिला पंचायत सदस्य सूरज नारायण, एनएचएआई के अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित