पटना , सितंबर 21 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने अध्ययन दौरे के क्रम में सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के शहर सिडनी में पार्रमट्टा सिटी के पूर्व मेयर एवं वर्तमान काउंसलर समीर पांडेय से मुलाकात की और स्थानीय शासन, प्रशासन की कार्यप्रणाली तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।विधान सभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार डॉ. कुमार पार्रमट्टा सिटी में श्री पांडेय के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय निकाय के स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं और नागरिकों को उपलब्ध करायी जा रही जनसुविधाओं की जानकारी ली।

श्री पांडेय ने इस दौरान डॉ. कुमार को स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली तथा नागरिक सुविधाओं के प्रबंधन के संबंध में उन्हें विस्तार से जानकारी दी।

इस मुलाकात के दौरान स्थानीय प्रशासन में जनप्रतिनिधियों की भूमिका, नागरिक सहभागिता, शहरी सुविधाओं के प्रबंधन और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों के बीच स्थानीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय समुदाय, विशेषकर बिहार के लोगों से जुड़े सामाजिक एवं सामुदायिक विषयों पर भी चर्चा की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित