हरिद्वार , मार्च 27 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय हालातों के बीच आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी पर सख्ती बरतते हुए पुलिस ने शुक्रवार को थाना सिडकुल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रावली महदूद इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए एलपीजी गैस सिलेंडरों का जखीरा बरामद करते हुए जावेद नामक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, खुफिया सूचना के आधार पर 27 मार्च को एक टीम ने रावली महदूद स्थित एक मकान पर दबिश दी। मौके से भारी संख्या में अवैध एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बताया जा रहा है कि आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाके में अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण कर रहा था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जावेद पुत्र अख्तर, निवासी रविदास मंदिर के पास, रावली महदूद (थाना सिडकुल) के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, हेड कांस्टेबल सुनील सैनी और कांस्टेबल रोहित बरोड़िया शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित