हरिद्वार , मई 02 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए कुल 152 खोये हुए मोबाइल फोन बरामद किये हैं, जिन्हें शनिवार को उनके स्वामियों को लौटा दिया गया। खोये मोबाइलों की अनुमानित कीमत 36 लाख से अधिक आंकी गई है। थाना सिडकुल पुलिस द्वारा की गई इस प्रभावी कार्रवाई से उन लोगों के चेहरों पर फिर से खुशी लौट आई है, जिन्होंने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, वहीं पुलिस के इस सराहनीय प्रयास से आमजन के बीच विश्वास भी और मजबूत हुआ है। पुलिस के अनुसार खोये हुये मोबाइल फोन की तलाश में केन्द्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल अत्यंत प्रभावी साबित हो रहा है, जिसके माध्यम से पुलिस टीम ने देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर इन मोबाइल फोन की सफल रिकवरी की। बरामद मोबाइल फोन में कुछ सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों के हैं, जबकि अन्य स्थानीय निवासियों के हैं, और लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है तो उसे तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं तथा मोबाइल खोने की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराएं। बरामद मोबाइल फोन में आईफोन02, ओप्पो 27, नोथिंग 08, सैमसंग 25, रीयलमी 29, एमआई 07, वीवो 32, वनप्लस 16 और इनफिनिक्स 06 शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना अध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत तथा हेड कांस्टेबल विवेक यादव शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस की इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित किया है कि तकनीक और समन्वय के प्रभावी उपयोग से आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित