सहारनपुर , अप्रैल 10 -- दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना के तहत सहारनपुर से हरिद्वार तक छह लेन का सड़क मार्ग जून माह में शुरू होने की संभावना है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि 51 किलोमीटर लंबा यह मार्ग सहारनपुर के मल्लीपुर रोड स्थित गांव हलगोया से शुरू होकर जिले के 17 गांवों से गुजरते हुए हरिद्वार के बहादराबाद तक जाएगा। इसमें लगभग 19 किलोमीटर हिस्सा सहारनपुर जिले में पड़ता है।

उन्होंने बताया कि परियोजना का करीब 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और जून तक इस पर वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण पर लगभग 1500 करोड़ रुपये की लागत आई है। हाईवे की विशेषता यह है कि इस पर दोपहिया वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। मार्ग पर छह बड़े पुल और छह फ्लाईओवर बनाए गए हैं, जबकि गांव बरहेड़ी में 870 मीटर लंबा गलियारा भी निर्मित किया गया है।

इस मार्ग पर सहारनपुर के नांगल और उत्तराखंड के कलियर से चढ़ने-उतरने की सुविधा होगी। सहारनपुर से हरिद्वार जाने के लिए पंचकुला-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे के साथ यह छह लेन एक्सेस कंट्रोल हाईवे एक नया विकल्प प्रदान करेगा। अधिकारी ने बताया कि एक्सप्रेस-वे लंबी दूरी और तेज गति के लिए बनाए जाते हैं, जबकि एक्सेस कंट्रोल हाईवे बड़े शहरों को जोड़ने के उद्देश्य से विकसित किए जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित