नयी दिल्ली , नवंबर 12 -- केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय सिक्किम की राजधानी गंगटोक में पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए 13 नवंबर से चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पर्यटन हाट का आयोजन कर रहा है जिसमें 19 से ज्यादा देशों के प्रिनिधियों की भागीदारी देखने को मिलेगी।

आधिकारिक सूचना के अनुसार 13 से 16 नवंबर आयोजित इस 13वें अंतरराष्ट्रीय मेले के उद्घाटन के अवसर पर शुक्रवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, पूर्वोत्तर राज्यों के पर्यटन मंत्रियों और पर्यटन मंत्रालय एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ इस मौके पर मौजूद रहेंगे।

पर्यटन मंत्रालय के इस प्रमुख वार्षिक आयोजन का उद्देश्य भारत की 'अष्ट लक्ष्मी' नाम से मशहूर पूर्वोत्तर राज्यों की पर्यटन क्षमता को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना है। यह हाट क्षेत्र की समृद्ध प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और साहसिक पर्यटन के अवसरों को उजागर करेगा। इसका लक्ष्य सतत और समावेशी पर्यटन विकास को बढ़ावा देना है। इस बार गंगटोक में आयोजित इस पर्यटन हाट के 13वें संस्करण में पूर्वोत्तर को पर्यावरण-पर्यटन, स्वास्थ्य, संस्कृति और साहसिक पर्यटन के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। सिक्किम पर्यटन के एक आदर्श के रूप में प्रसिद्ध है और उसने प्राचीन प्राकृतिक दृश्यों, जैविक कृषि पद्धतियों, आध्यात्मिक विरासत और जीवंत स्थानीय संस्कृति के साथ सिक्किम समुदाय-आधारित और पर्यावरण को लेकर सचेत पर्यटन के आदर्शों का प्रतिनिधित्व करता है, जिसे केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय पूरे देश में बढ़ावा देना चाहता है।

गंगटोक में आयोजित 13वें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन हाट में दुनिया भर से व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी, जिसमें स्पेन, थाईलैंड, फ्रांस, रूस, जर्मनी, वियतनाम और अन्य सहित लगभग 19 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस आयोजन में 39 अंतर्राष्ट्रीय टूर ऑपरेटर, 5 अंतर्राष्ट्रीय प्रभावशाली व्यक्ति, 50 घरेलू खरीदार, 20 घरेलू प्रभावशाली व्यक्ति और ट्रैवल मीडिया, और 91 घरेलू विक्रेता शामिल होंगे।

चार दिन के इस हाट में विचार गोष्ठियों का भी आयोजन किया जाएगा जिनमें तकनीकी सत्रों, पैनल चर्चाओं, उत्पादों की प्रस्तुतियों और बीटूबी बैठकों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन हितधारकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। राज्य पर्यटन अधिकारियों के साथ चर्चाएं सिनेमाई पर्यटन, होमस्टे, युवा उद्यमिता, डिजिटल नवाचार, स्थिरता और साहसिक पर्यटन पर केंद्रित होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित