सिलीगुड़ी , जून 20 -- सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने शनिवार को नाथू-ला दर्रे से कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले जत्थे को रवाना किया।
हिंदुओं की सबसे पवित्र तीर्थयात्राओं में शामिल इस यात्रा के तहत श्रद्धालु चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के नगारी प्रांत स्थित कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील के दर्शन करते हैं।
गंगटोक जिला सूचना कार्यालय के अनुसार पहले जत्थे में दो संपर्क अधिकारियों और एक चिकित्सा अधिकारी सहित 41 यात्री शामिल हैं। चार सहयोगी कर्मियों के साथ कुल दल की संख्या 47 है।
नाथू-ला पहुंचने पर राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि छह वर्ष के अंतराल के बाद पिछले वर्ष पुनः शुरू हुई इस यात्रा के पहले जत्थे का हिस्सा बनना यात्रियों के लिए सौभाग्य की बात है।
इसके बाद राज्यपाल ने 14,140 फीट की ऊंचाई पर स्थित नाथू-ला दर्रे से तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र की ओर रवाना हो रहे दल को हरी झंडी दिखाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित