हैदराबाद , मार्च 12 -- तेलंगाना में सिकंदराबाद टास्क फोर्स ने चिलकलगुडा पुलिस के साथ मिलकर शहर के चिलकलगुडा में एक विशेष अभियान के दौरान तीन गांजा तस्करों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों सुभाष मिशाल, पवित्रा बीरा और बापुन बिडिका के पास से 11.530 किलोग्राम गांजा, दो ग्राम खुला गांजा और तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तीन मोबाइल फोन मिले। जब्त किए गये प्रतिबंधित सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 4.38 लाख रुपये है। पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी ओडिशा के रायगडा जिला निवासी मिशाल ने फरार आपूर्तिकर्ता मल्ली से प्रतिबंधित सामान खरीदा और हैदराबाद में नशीले पदार्थों को परिवहन करने और बेचने के लिए बीरा और बिडिका के साथ मिलकर काम किया।
पुलिस के अनुसार अभियान का मकसद चिलकलगुडा में रेलवे क्वार्टर के सामने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन इलाके के खरीदारों को लक्षित करना था। गिरफ्तार किए गए चार उपभोक्ता चिमला जेठिन, आदित्य कांबले, के दास वामशी कृष्णा और संकिली महेश थे।
इस सिलसिले में पुलिस ने चिलकलगुडा थाने में यू/एस आठ सी आर/डब्ल्यू 20(बी)(ii)(बी), 27(बी) एनडीपीएसए के तहत मामला पंजीकृत किया है। इस अभियान का सिकंदराबाद क्षेत्र के कार्यबल के निरीक्षक जे राज शेखर ने नेतृत्व किया। साथ ही चिलकलगुडा थाना के निरीक्षक वी. रामा कृष्णा, उप निरीक्षक बी. महेश और एसआई सी. चंद्रैया भी अभियान शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित