हैदराबाद , मई 04 -- तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई ने सोमवार को सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में भूमि पूजा की जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 10 मई को जनसभा होने वाली है।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा तेलंगाना राज्य अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने किया और इसमें राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण, सांसद ईटाला राजेंदर और कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, भाजपा तेलंगाना राज्य प्रभारी अभय पाटिल के साथ-साथ कई वरिष्ठ नेता एवं पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
श्री रामचंदर राव ने इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और पार्टी को उम्मीद है कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता सहित दो लाख से अधिक लोग इसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता समर्थन जुटाने और भारी जनसभा सुनिश्चित करने के लिए पूरे राज्य के जिलों का दौरा कर रहे हैं।
इस यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह तेलंगाना की पहली यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा राज्य को केंद्र सरकार की कई विकास योजनाओं को समर्पित किए जाने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित