मुजफ्फरपुर , अप्रैल 3 -- मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े पूर्व पार्षद विकास सहनी से अपराधियों ने उनकी सोने की चेन झपट ली।
इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। अपराधियों का पीछा करने के दौरान वार्ड-17 की वर्तमान पार्षद गणिता देवी का पुत्र घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास सहनी सुबह करीब 10 बजे जिम से लौटने के बाद सब्जी खरीदने के लिए मंडी गए थे। इसी दौरान पीछे से अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधी पहुंचे और उनके गले से करीब 50 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली। पीड़ित ने बताया कि चेन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधी खुलेआम पिस्टल लहराते हुए भागे, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद वार्ड-17 की वर्तमान पार्षद गणिता देवी का बेटा स्कूटी से अपराधियों का पीछा करने लगा, लेकिन बदमाशों ने उस पर भी पिस्तौल तान दी। इस दौरान घबराहट में उसकी स्कूटी पास की एक दुकान में जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित