अलवर , जुलाई 21 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर पेपर लीक मामले की जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और विपक्षी सांसदों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
श्री सिंह ने यहां कहा कि प्रधानमंत्री न तो लोकसभा और न ही राज्यसभा में विपक्ष के सवालों का जवाब देते हैं। ऐसे में कांग्रेस नेताओं ने सीधे प्रधानमंत्री से जवाब मांगने के लिए उनके आवास की ओर मार्च किया, लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सांसदों और नेताओं पर लाठीचार्ज करके उन्हें जबरन हटाया गया। सोमवार को भी हुए लाठीचार्ज में सैकड़ों लोग घायल हुए थे।
श्री सिंह ने आरोप लगाया कि आज की कार्रवाई में बड़ी संख्या में सांसदों के साथ मारपीट की गई, उन्हें घसीटकर हटाया गया और कई नेताओं को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि राहुल गांधी सहित कुछ सांसद खून से लथपथ हो गए।
श्री सिंह ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जिससे जलियांवाला बाग जैसी घटनाओं की याद ताजा हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को इस तरह दबाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित