भोपाल , मई 26 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं को मां शिप्रा के स्वच्छ और प्रवाहमान जल से स्नान का पुण्य लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 के लिए 30 किलोमीटर से अधिक लंबाई में शिप्रा नदी के घाट विकसित किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और पावन स्नान का अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि लगभग छह दशक बाद ऐसा संभव होगा जब श्रद्धालु केवल मां शिप्रा के जल से सिंहस्थ स्नान कर सकेंगे। गत सिंहस्थ 2016 में श्रद्धालुओं को मां नर्मदा के जल से स्नान सुविधा दी गई थी, लेकिन श्रद्धालुओं की इच्छा थी कि मां शिप्रा का प्राकृतिक और प्रवाहमान जल उपलब्ध हो। राज्य सरकार ने इस दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महाकाल और संतों के आशीर्वाद से सिंहस्थ-2028 को ऐतिहासिक और यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ आयोजन के लिए अनेक विकास और आधारभूत संरचना संबंधी कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में मेलजोल और समरसता की उत्कृष्ट परंपरा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित