उज्जैन , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लंबित स्वीकृतियां नवंबर तक प्राप्त करने और सिंहस्थ मेला कार्यालय, कलेक्ट्रेट तथा सिंहस्थ सेल में आवश्यक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना इसी सप्ताह सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात, पार्किंग, ठहरने, पेयजल, सीवरेज और घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने घट्टिया, तराना और आसपास के क्षेत्रों में टेंट सिटी तथा होल्डिंग एरिया विकसित करने, होम स्टे को बढ़ावा देने और विद्युत व्यवस्था के लिए अलग सिंहस्थ डिवीजन स्थापित करने को कहा।
डॉ. यादव ने सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास के लिए वैकल्पिक बाजार विकसित करने तथा बर्तन और सोना-चांदी के व्यापारियों के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान नागरिकों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में बताया गया कि सिंहस्थ से संबंधित लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की लागत के 175 निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। इनमें से 51 कार्य दिसंबर 2026 तक, 36 मार्च 2027 तक, 61 जून 2027 तक और शेष 23 कार्य अक्टूबर 2027 तक पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित