शिवपुरी , जून 01 -- सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शिवपुरी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ ग्वालियर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक असित यादव ने किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण को पूर्णतः व्यवहारिक, तकनीक आधारित और परिणामोन्मुखी बनाया गया है।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को साधु-संतों, श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, संवाद बढ़ाने और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में विशेष जानकारी दी जाएगी।

सूत्रों के अनुसार सिंहस्थ महापर्व के दौरान कानून व्यवस्था को सुगम एवं सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें आधुनिक पुलिसिंग, आपदा प्रबंधन और जनसहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित