उज्जैन , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश में आगामी सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर परिसर एवं महाकाल लोक में संचालित निर्माण कार्यों का उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया।

संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक तथा उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी सहित संबंधित अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विजिटर फैसिलिटी सेंटर-3, निशुल्क अन्नक्षेत्र, हरसिद्धि रोड, नृसिंह घाट रोड, झलारिया मठ और संतोषी माता मंदिर रामघाट रोड सहित विभिन्न स्थानों का विशेष रूप से अवलोकन किया गया।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही संबंधित एजेंसियों को लापरवाही न बरतने और कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित