उज्जैन , सितंबर 27 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अब्दालपुरा स्थित अपने पैतृक मकान पर खुद गेती चलाकर सिंहस्थ-2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत की। खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक सड़क को 32 फीट चौड़ा किया जाएगा। इस सड़क के दोनों ओर रहने वाले रहवासियों ने भी अपने मकान पीछे हटाकर चौड़ीकरण कार्य में सहयोग की मिसाल पेश की है।

मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे अब्दालपुरा पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद सड़क चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपने पैतृक मकान नंबर 180 पर गेती चलाकर निजी मकान को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। अब्दालपुरा उज्जैन की पुरानी बस्ती है। खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने के बीच 272 मकान हैं, जिनमें हिंदू, मुस्लिम और बोहरा समुदाय के लोग रहते हैं। सड़क चौड़ीकरण के लिए क्षेत्र के रहवासी स्वेच्छा से अपने मकानों का हिस्सा हटाने के लिए तैयार हुए हैं।

स्थानीय निवासी कादर भाई ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी होगी। उनके अनुसार पहले इस मार्ग से वाहनों का आवागमन मुश्किल था, लेकिन सड़क चौड़ी होने से आवागमन सुगम होगा। मुख्यमंत्री के पैतृक मकान के पड़ोसी पवन पांचाल ने कहा कि चौड़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ व्यापार-व्यवसाय को भी लाभ मिलेगा।

सड़क के दूसरी ओर मुख्यमंत्री की बहन एवं नगर निगम उज्जैन की सभापति कलवाती यादव का मकान भी चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। इसी क्षेत्र में दूध की दुकान चलाने वाले नरेन्द्र जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार के मकान भी चौड़ीकरण की जद में आने से यह संदेश जा रहा है कि महाकाल की नगरी में आम और खास सभी के लिए समान व्यवस्था है।

पूर्व पार्षद जगदीश पांचाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विकसित उज्जैन का सपना साकार करने के लिए कार्य कर रहे हैं। इससे उज्जैन का स्वरूप बदलने के साथ सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन और प्रवास की सुविधाएं भी विकसित होंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन के लोगों ने विकास कार्यों में सहभागी बनकर स्वयं अपने मकान हटाने में सहयोग दिया है। उन्होंने सिंहस्थ के लिए अपने देवस्थान और पुश्तैनी मकानों तक को पीछे करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के लिए उज्जैन के रहवासी स्वेच्छा से अपने पुश्तैनी घरों को हटाकर सड़क चौड़ीकरण में प्रशासन की सहायता कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उज्जैन की आबादी करीब आठ लाख है, जबकि सिंहस्थ में 40 करोड़ से अधिक लोगों के आने की संभावना है। सिंहस्थ की तैयारियों में शहरवासियों का योगदान महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने रविवार को उज्जैन के दशहरा मैदान में आयोजित मैराथन में भी सहभागिता की और उसे झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास किया तथा नागरिकों को नियमित योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए योग एवं व्यायाम महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ मनुष्य का गहरा संबंध है और पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। पितृपक्ष के संदर्भ में उन्होंने पितरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का आह्वान भी किया।

मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय को ध्यान में रखते हुए आचरण और कार्यों से उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्तिगत हितों से परे रहकर नियम, कानून और सुशासन को प्राथमिकता देने की सीख मिलती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित