भिण्ड , फरवरी 22 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में सिंध नदी के विभिन्न घाटों पर आज प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा के निर्देश पर खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मेहदा, खैरा और श्यामपुरा सहित अन्य घाटों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान खैरा गांव के पास एक पनडुब्बी (सक्शन पंप) जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई, जबकि दो अन्य पनडुब्बियों को कथित माफिया पानी में डुबोकर फरार हो गए। संयुक्त टीम ने खैरा, श्यामपुरा, मेहदा, रमजा, महावर और इंदुरखी घाटों का निरीक्षण किया। खैरा घाट पर टीम पहुंचते ही अवैध उत्खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया जाएगा। मौके पर पुलिस बल तैनात कर सर्च अभियान चलाया गया। साथ ही विभागीय मिलीभगत की शिकायतों की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आया कि नदी की मध्य धारा से पनडुब्बियों के माध्यम से गहराई तक रेत निकाली जा रही थी, जो एनजीटी के नियमों का उल्लंघन है। इससे नदी के प्राकृतिक प्रवाह और जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा नदी तल में गहरे गड्ढे बनने से जलस्तर और सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

इधर मेहदा-रौन मार्ग पर नेशनल हाईवे 552 स्थित रॉयल्टी नाके के पास रेत से भरे डंपर और ट्रकों की लंबी कतारें लगने से यातायात प्रभावित हो रहा है। दो लेन के इस मार्ग पर भारी वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से हाईवे को अवरोध मुक्त कराने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित